Saturday, 15 December 2018

छुट्टी का स्कूल--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


छुट्टी का स्कूल—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार


 

यह है छुट्टी का स्कूल

 

यहां किताबें छिपकर रहतीं

मम्मी पढ़ने को न कहतीं

हरदम खेलकूद का मौसम

हुए खुशी से झूलमझूल

 

गप्पों का ले मिर्च-मसाला

छुट्टी के पापड़ पर डाला

खाते हुए धूप में दौड़े

लगे बदन पर जैसे फूल

 

होमवर्क हो गया हवाई

जैसे उसको मिली दवाई

पढ़ने के कमरे की चाबी

रखकर कहीं गए हम भूल 

=====================

सडकों की महारानी--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


सड़कों की महारानी—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार


 

सुनो कहानी रानी की

सड़कों की महारानी की

 

झाड़ू लेकर आती है

कूड़ा मार भगाती है

सड़कें चमचम हो जातीं

वह प्यारी है नानी की

 

धूल पुती है गालों पर

जाले उलझे बालों में

फिर भी हंसती रहती है

बात बड़ी हैरानी की

 

आओ उसके मित्र बनें

उसकी अच्छी बात सुनें                       

बस कूड़ा न फैलाएं

शर्त यही महारानी की

 

सुनो कहानी रानी की

सडकों की महारानी की===

 

Wednesday, 12 December 2018

खटमिठ चूरन--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


खटमिठ चूरन—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार 


 

मैंने बाबाजी से पूछा

उनका बचपन कैसा था

दोनों गाल फुलाकर बोले

खटमिठ चूरन जैसा था

 

सारा दिन पेड़ों पर चढ़ता

कभी-कभी थोड़ा सा पढ़ता

घर का कोई काम ना करता

मन गुब्बारे जैसा था।

 

रोज नदी पर नहाने जाता

जंगल में फिर फुर्र हो जाता

शाम ढले छिप घर में आता

लगता चोरी जैसा था

 

जैसे मैं हूं तेरा बाबा

वैसे ही थे मेरे बाबा

जैसा तू है वैसा मैं था

बचपन बच्चों जैसा था।

==================

Tuesday, 11 December 2018

पंख लगायें--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


पंख लगाएं—देवेन्द्र कुमार---बाल गीत

========

आओ रोटी एक बनाकर

उसको मिल फैलाते जाएं

जैसे एक विशाल पतंग हो

एक नहीं हम कई बनाएं
 

 पंख लगाकर आसमान में

चाहे जहां कहीं ले जाएं

डोरी इनकी रखें हाथ में

आओ रोटी-पतंग उड़ाएं

 
कहते भूख बहुत दुनिया में

लोग रोज भूखे रह जाएं

उनके बीच उतारें रोटी

वे सब अपनी भूख मिटाएं

 
सब पूछें यह कैसे होगा

ऐसी रोटी कौन बनाए

भूखा-बेघर रहे न कोई

ऐसी दुनिया नई बनाएं।

==============

Sunday, 9 December 2018

खटमिठ चूरन--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


खटमिठ चूरन—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार 


 
मैंने बाबाजी से पूछा

उनका बचपन कैसा था

दोनों गाल फुलाकर बोले

खटमिठ चूरन जैसा था

 

सारा दिन पेड़ों पर चढ़ता

कभी-कभी थोड़ा सा पढ़ता

घर का कोई काम ना करता

मन गुब्बारे जैसा था।

 

रोज नदी पर नहाने जाता

जंगल में फिर फुर्र हो जाता

शाम ढले छिप घर में आता

लगता चोरी जैसा था

 

जैसे मैं हूं तेरा बाबा

वैसे ही थे मेरे बाबा

जैसा तू है वैसा मैं था

बचपन बच्चों जैसा था।

==================

गड़बड़झाला--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


गड़बड़झाला—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार


=============
 

आसमान को हरा बना दें

धरती नीली पेड़ बैंगनी

सागर मीठा चंदा काला

फिर क्या होगा

-गड़बड़झाला!

 
दादा मांगें दांत हमारे

रसगुल्ले हों खूब करारे

चाबी अंदर बाहर ताला

फिर क्या होगा

-गड़बड़झाला!

दूध गिरे बादल से भाई

तालाबों में पड़ी मलाई

मक्खी बुनती मकड़ी जाला

फिर क्या होगा

-गड़बड़झाला!

==================

Saturday, 8 December 2018

गुब्बारे--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


गुब्बारे—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार


 

कितने सुन्दर हैं गुब्बारे

रंग-बिरंगे उड़ते तारे

मैले कपड़ों वाली लड़की

बेच रही देखो गुब्बारे

 

ले लो मुन्नी, ले लो भैया

रोटी तभी तो देगी मैया

भूखी आंखों वाली लड़की

बेच रही देखो गुब्बारे

 

चाहे कैसा भी मौसम हो

सर्दी ज्यादा हो या कम हो

नंगे पैरों वाली लड़की

बेच रही देखो गुब्बारे

 

ले लो उसके सब गुब्बारे

रंग-बिरंगे प्यारे, प्यारे

अपनी बहना जैसी लड़की

बेच रही देखो गुब्बारे

=============