Thursday, 17 January 2019

दिल्ली के रिक्शा वाले--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


दिल्ली के रिक्शावाले—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार

================  
 

घर बंगाल, बिहार, उड़ीसा

उधर हिमाचल, मध्य प्रदेश

दूर दूर से चलकर आए

ये दिल्ली के रिक्शावाले

 

पहियों के संग पहिए बनकर

सारा दिन हैं पैर घुमाते

मेहनत पीते, मेहनत खाते

ये दिल्ली के रिक्शावाले

 

सर्दी में भी बहे पसीना

कैसा मुश्किल जीवन जीना

सच्चे, अच्छे परदेसी हैं

ये दिल्ली के रिक्शावाले

 

मुनिया, बाबा, अम्मां, भैया

सबको भूल चले आए हैं

न जाने कब वापस जाएं

ये दिल्ली के रिक्शावाले

============

Monday, 14 January 2019

गपोड़ शंख--बाल गीत-देवेन्द्र कुमार


गपोड़शंख—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार


========================
 

पेड़ों को पैर दूंगा

फूलों को पंख

और क्या करूं बोलो

मैं हूं गपोड़शंख

 

बस्ते से भाग गई

मुश्किल पढ़ाई

इसमें रख दिए मैंने

खेल-कूद भाई

 

मम्मीजी कहती हैं

मुझको गपोड़ी

इसमें भी गप्प

मिली है थोड़ी थोड़ी 

 

कैसी कही कैसी रही

सच कहना भाई

हम सबने खाई जो

गप्प की मिठाई।

===========

Monday, 31 December 2018

नया साल है--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


नया साल है—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार

===========

नए साल में वह सब होगा

नहीं हुआ जो गए साल में

 

भूखे पेट न कोई सोए

दुख से कोई आंख न रोए

सर्दी में न कोई बेघर

नए साल में

 

बाढ़ या सूखा या बीमारी

कैसी भी कोई लाचारी

नहीं किसी से कैसा भी डर

नए साल में

 

आओ मिलकर कर लें पूरे

जो भी सपने रहे अधूरे

रहे अंधेरा ना कोई घर

नए साल में

==========

Friday, 28 December 2018

उनका मौसम-बाल गीत-देवेन्द्र कुमार


  उनका मौसम—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार


===================

गरमी को पानी से धोएं

बारिश को हम खूब सुखाएं

जाड़े को फिर सेंक धूप में

अपनी दादी को खिलवाएं

 

कैसा भी मौसम आ जाए

उनको सदा शिकायत रहती

इससे तो अच्छा यह होगा

उनका मौसम नया बनाएं

 

कम दिखता है, दांत नहीं हैं

पैरों से भी चल न पातीं

बैठी-बैठी कहती रहतीं

न जाने कब राम उठाएं

 

शुभ-शुभ बोलो प्यारी दादी

दर्द भूल कर हंस दो थोड़ा

आंख मूंदकर लेटो अब तुम

बच्चे सुंदर लोरी गाएं

==============

Saturday, 22 December 2018

चूहा किताबें,,,--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


चूहा किताबें....बाल गीत—देवेन्द्र कुमार

=============  

 

चूहा किताबें पढ़ता है

 

पढ़ते पढ़ते खाता है

जाने किसे सुनाता है

हर पुस्तक पर चढ़ता है

चूहा किताबें पढ़ता है

 

 

अभी भगाया, झट फिर आया

इसने शब्दकोश है खाया

ज्ञान इसी से बढ़ता है

चूहा किताबें पढ़ता है

 

बार-बार पिंजरा लगवाया

फिर भी चंगुल में न आया

मेरा पारा चढ़ता है

चूहा किताबें पढ़ता है।

===============

Monday, 17 December 2018

फूल महकते हैं--बाल गीत--देवेन्द्र कुमार


फूल महकते हैं—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार

 

पापाजी जब हंसते हैं

मम्मी खुश हो जाती हैं

मौसम बढ़िया लगता है

 

दोनों पास बुलाते हैं

ढेरों प्यार लुटाते हैं

जो भी मांगूं मिलता है

 

मम्मी सुंदर दिखती हैं

पापा अच्छे लगते हैं

घर में फूल महकते हैं।

==============

बर्तन गाते हैं--बाल गीत --देवेन्द्र कुमार


 बर्तन गाते हैं—बाल गीत—देवेन्द्र कुमार


सुनो सुनो बर्तन गाते हैं


थाली चम्मच और कटोरी


चमचम चमचम गोरी गोरी

पहले मम्मी प्यार जताएं

तब उनमें खाना खाते हैं

 

बहुत स्वाद थी खीर बनाई

ऊपर उसके पड़ी मलाई        

चाट गए चटखारे लेकर

सचमुच बहुत मजे आते हैं

 

बरतन अब फिर से नहाएंगे

टन टन टिन गाना गाएंगे

मम्मी के हाथों में रहकर

सुबह शाम मुंह चमकाते हैं

 

सुनो-सुनो बरतन गाते है

  ==================